आज से जिला अस्पताल के सफाई कर्मी हड़ताल पर
नोएडा। जिला अस्पताल प्रशासन के खिलाफ सफाई कर्मियों का गुस्सा बृहस्पतिवार को दिखा। गेट के किनारे टेंट लगाकर कर्मचारियों ने अस्पताल प्रशासन और संविदा पर रखने वाली कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि पहले उन्हें दस हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता था, जो कि घटाकर छह हजार रुपये कर दिया गया है। वेतन न बढ़ाए जाने पर सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेंगे। अस्पताल में सन फैसिलिटी के तहत 30 संविदा सफाई कर्मी तैनात हैं। 15 स्थायी कर्मचारी अस्पताल की सफाई व्यवस्था नहीं संभाल पा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजेय अग्रवाल ने बताया कि सफाई कर्मियों से धरना स्थल पर जाकर बात की गई और उन्हें समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे नहीं माने। शिशु अस्पताल के संविदा कर्मचारियों से सेवा ली जा रही है। चेतावनी दी कि अगर कर्मचारी हड़ताल नहीं खत्म करते हैं, तो उनके स्थान पर संविदा पर नए सफाई कर्मियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ब्यूरो