गोतस्करों के चंगुल से 5 गोवंश को कराया मुक्त
तावडू। सीएस स्टाफ ने गोतस्करों के चंगुल से 5 गोवंश को मुक्त कराया है। टीम को देख आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ गोसंरक्षण एवं गोसंवर्धन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सीएस स्टाफ नूंह के उप सहायक निरीक्षक बलबीर सिंह ने बताया कि टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव पचगांवा व चीला थाना तावडू निवासी हामिद, बहरा आकिल व खालिद मिलकर गोकशी व तस्करी का धंधा करते हैं। आरोपी बिना नंबर की पिकअप में गांव पचगांवा व चीला पहाड़ की वाल से कुछ गोवंश को भरकर वध के लिए सीमा के साथ लगते अलवर जिले के गांव लेकर जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर दबिश दी। आरोपी पुलिस को देख गोवंश सहित पिकअप को छोड़कर भाग गए। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास भी किया। लेकिन काबू नहीं आ सके। पुलिस के मुताबिक पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें 5 गोवंश को रस्सियों से बंधा पाया। जिन्हें मुक्त करा गोशाला भेज दिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को काबू किया जायेगा। ब्यूरो