संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। मुर्गी पालन को बढ़ावा देकर लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने गौतमबुद्धनगर में विशेष योजना शुरू की है। योजना के तहत जिले के 200 जरूरतमंद लोगों को 50-50 चूजे निशुल्क वितरित किए जाएंगे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अरुण कुमार सचान ने बताया कि लाभार्थियों को चूजों के साथ एक बोरी दाना, दवाइयों की किट और 400 रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। योजना का उद्देश्य निम्न आय वर्ग के परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग ने पात्र लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित लोगों को मुर्गी पालन संबंधी प्रशिक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा, ताकि वे इससे स्थायी आय अर्जित कर सकें। विभाग का मानना है कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आय बढ़ाने में सहायक साबित होगी।