सेक्टर-62 में दुबई ड्राई फ्रूट्स के नाम पर दफ्तर खोलकर देश भर के लोगों से 200 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के मामले में मास्टरमाइंड मोहित गोयल के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इससे पहले भी मोहित गोयल की कार और अचल संपत्ति को कुर्क किया जा चुका है। मोहित गोयल ड्राई फ्रूट्स फ्रॉड से पहले 2017 में रिंगिंग बेल्स कंपनी के नाम पर मात्र 251 रुपये में फ्रीडम स्मार्ट फोन देने की घोषणा की थी। इस नाम पर भी उसने करोड़ों रुपये का फ्रॉड किया था।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मोहित गोयल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। 2022 में न्यायालय पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर के आदेश पर गैंग लीडर मोहित की लगभग सात करोड़ रुपये की चल अचल संपत्ति को कुर्क किया गया था। इसमें एक इनोवा, क्रिस्टा कार, 10 लाख रुपये नकद, ओडी ए 435 30 लाख रुपये, गुरुग्राम में स्थित फ्लैट कीमत 6 करोड़ 60 लाख रुपये को कुर्क किया था।
पुलिस ने अब ड्राई फूड घोटाले के सरगना द्वारा अवैध रुप से अर्जित किए गए 30 लाख रुपये की जूलरी को कुर्क किया गया है। जूलरी को आरोपी ने अपने नौकर छपरा निवासी रिशु कुमार के नाम पर मुथूट फाइनेंस में जमा कराया था।