नूंह। तावडू रोड पर मंगलवार देर शाम बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी भेजा। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक, महबूब (26) पुत्र प्रकाश अपने गांव पल्ला से नूंह की ओर तावडू रोड से आ रहा था, जबकि सैकुल (24) पुत्र सरफुद्दीन निवासी वार्ड नंबर तीन नूंह से तावडू रोड पर अपनी दुकान पर जा रहा था। इस दौरान तेज गति के कारण बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद महबूब के साथ मौजूद अज्ञात बाइक चालक मौके से फरार हो गया जबकि सैकुल के साथ मौजूद मुबीन पुत्र मुजीद निवासी वार्ड नंबर 3 को हल्की चोटें आई हैं। जांच अधिकारी एएसआई सोहराब खान ने बताया कि महबूब के दो बच्चे हैं जबकि सैकुल की शादी नहीं हुई थी। फिलहाल पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।