नामी कंपनी के नकली पैकेट में मिल्क पाउडर बेचने वाले 2 गिरफ्तार
जेवर। मांडलपुर गांव के एक गोदाम में मंगलवार को पुलिस ने छापा मारकर नामी कंपनी की नकली पैकेट में मिल्क पाउडर बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 19 क्विंटल मिल्क पाउडर भी बरामद किया है। आरोपी मोहाली, पंजाब से मिल्क पाउडर लाकर बेचते थे और मोटा मुनाफा कमा रहे थे। आरोपियों की पहचान अलीगढ़ के गांव लालपुर निवासी अशोक व आशीष नायक के रूप में हुई है। आरोपियों पर कॉपी राइट अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जेवर कोतवाली क्षेत्र के मांडलपुर गांव में मिल्क पाउडर बेचने की सूचना मुखबिर से मिली थी। जेवर टोल प्लाजा चौकी इंचार्ज अनु प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने गोदाम पर छापा मारा। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि वह मेटाबोलिस्टिक लैबोरेटरी प्राइवेट लिमिटेड, इंडस्ट्रियल एरिया, मोहाली पंजाब से पाउडर लाते थे। फिर धौलपुर फ्रेश नाम की कंपनी के नकली पैकेट में रखकर बेचते थे। त्योहारी सीजन में मिल्क पाउडर की बढ़ती मांग को देखकर आरोपियों ने बड़े स्तर पर काम शुरू किया था।