सितंबर में 18 हजार बुजुर्ग महिलाओं ने किया मुफ्त बस सफर
नोएडा (संवाद)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत गौतमबुद्ध नगर डिपो में सितंबर के दौरान 18 हजार से अधिक बुजुर्ग महिलाओं ने मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठाया। यात्राओं पर कुल 3.25 लाख रुपये का किराया दर्ज किया गया, जिसकी प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करती है। गौतमबुद्ध नगर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया, योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती है। सितंबर में नोएडा और ग्रेटर नोएडा से यात्रा करने वाली महिलाओं ने इस सुविधा का लाभ लिया। इस योजना का मुख्य उद्देश्य बुजुर्ग महिलाओं को आवागमन में आर्थिक राहत देना है।