कासगंज। राशन कार्डधारकों के ई-केवाईसी न कराए जाने से शासन का रुख सख्त हो गया है। ई-केवाइसी नहीं कराने पर अब इन्हें सितंबर माह का राशन नहीं मिलेगा। नवंबर तक ई-केवाईसी नहीं कराने पर इनके नाम राशन कार्ड से हटा दिए जाएंगे। जिले में पात्र गृहस्थी और अंत्योदय योजना से 250640 कार्ड धारक हैं। इनसे 1017886 लोगों के नाम जुड़े हुए हैं। दो साल से ई-केवाईसी योजना चल रही है। इसके बाद भी लगभग 1.60 लाख लोगों की ई-केवाईसी होनी शेष रह गई। इनको 31 अगस्त तक प्रक्रिया को पूरा कराने का समय दिया गया। इसके बाद भी इन लोगों ने डीलर की दुकान पर जाकर प्रक्रिया को पूरा नहीं कराया। इनके सितंबर माह के राशन पर रोक लगा दी गई है। जो सदस्य इस माह प्रक्रिया पूरी करा लेंगे उनको अक्तूबर माह से राशन मिल जाएगा। यदि नवंबर तक प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती है तो कार्ड से नाम को पूरी तरह से हटा दिया जाएगा।