मेडिकल कॉलेज में दाखिले के नाम पर महिला डॉक्टर से 16 लाख ठगे
बेटे के एडमिशन के लिए नोएडा की एजुकेशनल कंपनी से किया था संपर्क
पांच नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस, संभल में तैनात हैं चिकित्सक
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मेडिकल कॉलेज में दाखिले कराने के नाम पर संभल महिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर अर्चना से 16 लाख रुपये ठग लिए गए। मेडिकल कॉलेज में बेटे के दाखिले के लिए डॉ. अर्चना ने नोएडा की एक एजुकेशनल कंपनी से संपर्क किया था। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली फेज-वन पुलिस ने एक्सपरटाइल एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के संचालक शुभेंद्र चतुर्वेदी, रविंद्र चौबे, उर्वजा और विनीत कुमार समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
डॉ. अर्चना ने शिकायत की है कि वह बेटे उत्कर्ष यादव को नीट यूजी एग्जाम दिलवाने के बाद मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलवाने के लिए प्रयासरत थीं। इस दौरान नोएडा सेक्टर-छह स्थित एक्सपरटाइल एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से मेरठ और गाजियाबाद के उच्च रैंक वाले नामी कॉलेजों में बेटे का दाखिला दिलवाने का आश्वासन दिया। जनवरी 2022 से अप्रैल 2022 तक आरोपियों को बैंक खातों और नकद के रूप में 16 लाख रुपये दिए। कंपनी के निदेशक ने खुद को राजस्थान के एक मेडिकल कॉलेज का प्रतिनिधि बताया था। आरोपियों ने उच्च रैंक वाले मेडिकल कॉलेज में दाखिला न कराकर राजस्थान के एक मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराया, लेकिन आरोपियों ने पैसे लेकर भी फीस जमा नहीं कराया। कॉलेज की ओर से फीस का दबाव बनने पर आरोपियों से पैसे लौटाने या फीस जमा करने के लिए कहा गया। पैसे मांगने पर आरोपियों ने पीड़िता के फोन उठाना बंद कर दिया।