सराय रोहिल्ला-रेवाड़ी रेल सेक्शन पर दौड़ेगी इलेक्ट्रिक इंजन ट्रेन
नई दिल्ली। नए साल में दिल्ली सराय रोहिल्ला-गुरुग्राम-रेवाड़ी रेल सेक्शन पर इलेक्ट्रिक इंजन वाली ट्रेन दौड़ने लगेगी। काम पूरा करने का लक्ष्य रेलवे ने अगले साल के जनवरी तक रखा है। 593 करोड़ रुपए की लागत से 78 किलोमीटर तक ओएचई का काम होना है। इलेक्ट्रिफिकेशन का यह काम दिल्ली-अहमदाबाद रेल सेक्शन का एक हिस्सा है। दिल्ली रेल मंडल प्रबंधक आरएन सिंह के अनुसार इस रेल सेक्शन पर ओएचई का काम अगले साल जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। इससे पूरे रेल सेक्शन पर इलेक्ट्रिक ट्रेन चलने लगेंगी। ट्रेनों की रफ्तार तो इलेक्ट्रिक इंजन से बढ़ेगी ही साथ ही डीजल इंजन ट्रेनों की कमी होने से प्रदूषण भी कम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि 2019-20 में रेवाड़ी-अहमदाबाद रेल सेक्शन पर विद्युतीकरण का काम पूरा होने पर इस सेक्शन पर यातायात लेवल में सुधार होगा। डबल डेकर कंटेनर ट्रेन भी चलेंगी। गढ़ी हरसरू स्थित पावर सप्लाई सब स्टेशन से बिजली की सुविधा ली जाएगी। उल्लेखनीय है कि रेलवे ने विद्युतीकरण के काम को 2014-15 में ही स्वीकृति दी थीं। लेकिन 78 किलोमीटर विद्युतीकरण का काम तीन साल में भी पूरा नहीं हो सका। ब्यूरो