संपादक जी के ध्यानार्थ-
राजघाट में बहु विषयी प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान समाधान की भी स्थापना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरिराज सिंह ने गांधी दर्शन, राजघाट में खादी ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के एक बहु विषयी प्रशिक्षण केंद्र (एमटीडीसी) का उद्घाटन किया। मंत्रालय के साथ सार्वजनिक-निजी भागीदारी(पीपीपी) प्रारूप में ‘समाधान’ नामक एक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किया गया । इसका उद्देश्य उद्यमियों, औद्योगिक इकाइयों, कंपनियों और संस्थाओं को उद्योग और कारोबार पर आधारित व्यापक मार्ग निर्देश और गुणवत्तापूर्ण जानकारी प्रदान करना है। केंद्रीय मंत्री ने गिरिराज सिंह ने राजघाट स्थित केवीआईसी कार्यालय में एक सरसों तेल उत्पादन इकाई का भी उद्घाटन किया। वहीं मोरिंगा (सहजन) के पौध का पौधरोपण किया। गिरिराज ने कहा कि यह संस्थान कुशल व्यवसायियों को तैयार करने के लिए विषय आधारित बहुमूल्य ज्ञान प्रदान करने में सामाजिक सलाहकार के तौर पर काम करेगा। यह संस्थान एक ऐसा मंच उपलब्ध करवाएगा, जिससे बड़ी संख्या में स्टार्ट अप की शुरुआत की जा सकेगी। केवीआईसी के अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिये युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। इस दौरान मंत्रालय में सचिव डॉ. अरुण कुमार पांडा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।