हाईकोर्ट की सख्ती पर महिला व बच्चे की मौत की एफआईआर
नई दिल्ली। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद दिल्ली पुलिस ने उत्तम नगर निवासी महिला व उसके बच्चे की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली। अदालत में याचिका दायर कर मृतका रजनी के पिता होशियार ने आरोप लगाया था कि ससुराल वालों की पिटाई से दोनों की मौत हुई । इसके बाद भी उत्तम नगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। अदालत ने मृतका के परिजनों की याचिका पर दिल्ली पुलिस संयुक्त को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। न्यायमूर्ति नजमी वजीरी की पीठ के समक्ष दिल्ली पुलिस ने रिपोर्ट पेश कर कहा कि इस मामले में मृतका के परिजनों की शिकायत पर एफअआईआर दर्ज कर जांच शुरू की जा चुकी है। याचिका पर जिरह करते हुए अधिवक्ता गुरमीत सिंह ने कहा कि मृतका की शादी फरवरी 2018 में हरियाणा के रोहतक निवासी शिवा से हुई थी। उसके ससुराल वाले दबंग हैं। ससुराल वालों ने रजनी को 30 सितंबर को बुरी तरह पीटा, जिससे वह और उसका बच्चा घायल हो गया। 4 अक्तूबर को उसके बच्चे और 7 अक्तूबर को दीनदयाल अस्पताल में रजनी की मौत हो गई। ब्यूरो