हिंदूराव अस्पताल में सोमवार
को पेन डाउन प्रदर्शन
नई दिल्ली। हिंदूराव अस्पताल में सोमवार से इलाज की व्यवस्था चरमरा सकती है। 16 सूत्री मांगों को लेकर अस्पताल के 300 रेजिडेंट डॉक्टर और 200 इंटर्न सुबह 10 से 12 बजे तक पेन डाउन प्रदर्शन करेंगे। नगर निगम ने जल्द ही इस पर संज्ञान नहीं लिया तो डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर भी जा सकते हैं। अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राहुल चौधरी का कहना है कि लंबे समय से वह 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने, हर महीने समय पर वेतन देने, नियमित तौर पर एसआर और जेआर के इंटरव्यू, डॉक्टरों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने, 24 घंटे कैंटीन चलवाने, लाइब्रेरी की सुविधा देने जैसी मांगें कर रहे हैं, लेकिन अस्पताल प्रशासन और नगर निगम संज्ञान नहीं ले रहे हैं। इसे देखते हुए सोमवार को सुबह दस से 12 बजे तक पेन डाउन एजीटेशन होगा। फिर भी मांगें पूरी न हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल हो सकती है। प्रदर्शन में कस्तूरबा गांधी और महर्षि दयानंद अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टरों के भी जुड़ने की संभावना है।