जनवरी में खसरा-रुबेला टीकाकरण अभियान होगा शुरू
नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की ओर से देशव्यापी खसरा उन्मूलन और रुबेला नियंत्रण के लिए टीकाकरण अभियान के प्रति गैर-पालिका परिषद विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और नोडल अधिकारियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में 80 से अधिक प्रधानाचार्यों और नोडल अधिकारियों ने भाग लिया । इसके तहत 15-31 जनवरी, 2019 के दौरान टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर एनडीएमसी की ओर सचिव रश्मि सिंह ने कहा कि देश को पोलियो मुक्त बनाने के लिए प्लस पोलियो अभियान की सफलता के बाद समय की मांग है कि इसी तर्ज पर खसरा उन्मूलन और रुबेला नियंत्रण के लिए भी देशव्यापी अभियान चलाया जाए । रश्मि सिंह ने कहा कि नई दिल्ली क्षेत्र में 16-31 जनवरी के दौरान टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के नोडल अधिकारी डॉं आर.एन.सिंह ने इस अवसर पर कहा कि 9 महीने से 15 साल के बच्चों के लिए यह टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। ब्यूरो