समानता के अधिकार को खत्म नहीं होने देंगे : येचुरी
- नई दिल्ली के मंडी हाऊस से संसद मार्ग तक निकाला मार्च
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सीपीएम ने नई दिल्ली स्थित मंडी हाऊस से संसद मार्ग तक बृहस्पतिवार को मार्च निकाला। सीपीएम के महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि संविधान से मिले समानता के अधिकार को वे खत्म नहीं होने देंगे। इससे पहले उन्होंने संविधान निर्माता डॉ आंबेडकर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सभी नागरिकों को एक समान अधिकार प्राप्त हैं, देश के प्रत्येक नागरिक को मिले इस मौलिक अधिकार को निष्प्रभावी बनाने वाली ताकतों के मंसूबे हम कामयाब नहीं होने देंगे। बीजेपी पर संविधान द्वारा देश के नागरिकों को मिले मौलिक अधिकारों को संकट में डालने का आरोप लगाते हुए देश विरोधी ताकतों की इस मुहिम को नाकाम बनाने का आह्वान किया। अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंस की 26वीं वर्षगांठ को देश भर में संविधान और धर्मनिरपेक्षता संरक्षण दिवस के रूप में मनाने की पहल की है। उन्होंने संविधान और धर्मनिरपेक्षता को बचाने के लिए विभाजनकारी ताकतों से निर्णायक संघर्ष की अपील की। सीपीआई के राज्यसभा सदस्य डी राजा, वृंदा करात सहित वामदलों के अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।