‘केजरीवाल का अनधिकृत
कॉलोनियों पर बयान झूठ’
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्षा वीना विरमानी का कहना है कि अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने को लेकर गुरुवार को आया सीएम अरविंद केजरीवाल का बयान एकदम झूठ है। मुख्यमंत्री केवल मात्र संवैधानिक व्यवस्थाओं की अवहेलना पर विश्वास करते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने की पहल किसी ने की है तो वह भाजपा है। पूर्व सीएम मदन लाल खुराना ने 1071 कॉलोनियों को नियमित करने के लिए कदम उठाया था। अगस्त 1998 में तत्कालीन मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा ने न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत होकर इन कॉलोनियों में विकास कार्य कराने की अनुमति ली थी। उन्होंने कहा कि पिछले 3 वर्ष से दिल्ली में आप सरकार है। उन्हें इन कॉलोनियों में विकास कार्य प्रारंभ कराने की चिंता करनी चाहिए थी। अनधिकृत कॉलोनियों का योजनाबद्ध तरीके से विकास तभी संभव है, जब दिल्ली की सरकार उनकी बाउंड्री सुनिश्चित कर नक्शे पास कराए।