दक्षिणी दिल्ली के एमसीडी स्कूलों में बाल दिवस पर अवकाश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में दक्षिणी दिल्ली के मेयर नरेंद्र चावला ने बाल दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को दक्षिणी एमसीडी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दक्षिणी दिल्ली एमसीडी के स्कूलों में बच्चों का चरित्र निर्माण कर उनकी सोच का दायरा विकसित करने का काम शिक्षक कर रहे हैं। स्कूलों में नवाचार के बल पर बच्चों को बौद्धिक संपदा को बढ़ाया जा सकता है। बाल दिवस कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. नंदिनी शर्मा ने कहा कि अब दिल्ली वाले प्राइवेट स्कूल की जगह एमसीडी स्कूलों को पसंद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था से अवगत कराने के लिए बाल संसद का आयोजन किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों का सम्मान करने के लिए वार्षिक शिक्षक रतन पुरस्कार शुरू किया जाएगा। एक शिक्षक व स्कूल के एक प्रिंसिपल को यह पुरस्कार दिया जाएगा।