व्यापार मेले में धूमधाम से मनाया उत्तर प्रदेश दिवस
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश दिवस का उद्घाटन उत्तर-प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन मंत्री सत्यदेव पचौरी ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अब तक ‘एक जनपद एक उत्पाद‘ योजना के तहत 70 हजार उद्यमियों को ऋण दिलाया गया है, ताकि धनाभाव में छोटे मझोले उद्योग विश्व पटल पर अपना स्थान बना सकें। उन्होंने कहा कि इसी निर्णय के तहत प्रत्येक जनपद में ‘कॉमन फैसिलिटी सेन्टर‘ की स्थापना की जाएगी, जिसके लिए कैबिनेट द्वारा प्रस्ताव स्वीकार कर लिया गया है। औद्योगिक विकास एवं निवेश को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की औद्योगिक समिट का आयोजन किया गया है, जिसमें काफी संख्या में एमओयू हस्ताक्षरित किए गए। उन्होंने कहा कि एमएसएमई के माध्यम से अब तक 60,000 लोगों को रोजगार मुहैया कराए गए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के कलाकारों ने सांस्कृति प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में समा बांध दिया। ब्यूरो