खान मार्केट में हाइटेक पुलिस बूथ का उद्घाटन
पारदर्शी पुलिस बूथ पर दर्ज किए जा सकेंगे ऑनलाइन एफआईआर भी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। खान मार्केट में मंगलवार को आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाइटेक पुलिस बूथ का दिल्ली के उप राज्यपाल ने शुभारंभ किया। इसके जरिये लोगों को पुलिस सहायता के साथ-साथ कई ऑनलाइन सेवाएं भी मुहैया की जा सकेंगी। मार्केट के केन्द्र में स्थित पारदर्शी बूथ को एनडीएमसी ने इस तरह डिजाइन किया है ताकि यहां पहुंचने वालों को मार्केट में सुरक्षित माहौल का अहसास हो। बूथ पर इंटरनेट के जरिये वाहन, मोबाइल चोरी व अन्य अपराधों सहित किरायेदार और नौकरों के वेरिफिकेशन की भी सुविधा उपलब्ध होगी। महिलाओं से संबंधित शिकायतें सुनकर उनकी सहायता के लिए दोपहर के वक्त एक महिला पुलिस अधिकारी भी बूथ पर मौजूद रहेंगी। उप राज्यपाल अनिल बैजल ने एनडीएमसी की ओर से किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इसके जरिये स्थानीय लोगों को पुलिस की सहायता हर वक्त उपलब्ध होगी।