खोल दी गई गोकलपुर गांव में डेयरी पर लगी सील
नई दिल्ली। जिस डेयरी को सील करने के मामले में भाजपा दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष और निगम अधिकारियों के बीच खींचतान हुई थी, उसे बृहस्पतिवार को खोल दिया गया। पिछले माह गोकलपुर गांव में एक डेयरी को सील कर दिया गया था। भाजपा दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी चेतावनी देते हुए सील खोलने भी पहुंचे थे। लेकिन मौके पर पहले से ही तैनात पुलिस और निगम अधिकारियों ने उन्हें सील खोलने की इजाजत नहीं दी। जिस दिन मनोज तिवारी, गोकलपुर गांव में पहुंचे। गली के प्रवेश पर ही भारी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई थी, जिससे कि उन्हें पहले ही रोक लिया जाए। घंटों मशक्कत के बाद भी सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को लौटना पड़ा। सीलिंग मामले को लेकर हुए विवाद के बाद ही पूर्वी दिल्ली निगम के कमिश्नर भी निगाह में खटकने लगे और आखिरकार लंबी छुट्टी पर चले गए। सील की गई डेयरी को खोलने को लेकर निगम अधिकारियों, भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों के बीच लगातार खींचतान चलती रही। डेयरी को डी सील करने की कार्रवाई उपायुक्त शाहदरा (उत्तरी क्षेत्र) के आदेश पर की गई। ब्यूरो