चुहड़पुर में प्राधिकरण ने 120 करोड़ की जमीन मुक्त कराई
-ग्रेनो प्राधिकरण की 30 एकड़ जमीन से हटाया अतिक्रमण
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। जिला प्रशासन ने दनकौर के चूहड़पुर गांव में प्राधिकरण की करीब 30 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटाया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 120 करोड़ रुपये बताई गई है। एसडीएम राजपाल सिंह के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस, 100 कर्मी, सात जेसीबी इस अभियान में लगे। मौके पर अतिक्रमण ने हल्का विरोध भी किया। शुक्रवार को उप जिलाधिकारी सदर राजपाल सिंह के नेतृत्व में ग्राम चुहरपुर खादर के अंतर्गत ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण की 30 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे को खाली कराया गया है। एसडीएम के अलावा क्षेत्राधिकारी पुलिस एके शर्मा एवं तीन थानों की पुलिस बल तथा ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारी पीके कौशिक समेत करीब 100 कर्मियों ने अभियान चलाया। एसडीएम ने बताया कि ज्यादातर भूमि पर यहीं के निवासियों ने कब्जा कर रखा था।