सोनीपत के ध्यानार्थ
शहीद नरेंद्र के परिजनों से मिले आप सांसद
- हर संभव मदद का दिया भरोसा, शहीद के नाम सामुदायिक भवन बनाने का एलान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । आप से राज्य सभा सांसद एनडी गुप्ता ने सोनीपत में बीएसएफ के शहीद कांस्टेबल नरेंद्र सिंह के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने अपने खर्च पर शहीद नरेंद्र सिंह के नाम पर गांव में ही एक सामुदायिक केंद्र बनवाने का भी एलान किया। उन्होंने शहीद की पत्नी व दोनों बच्चों को हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया। गुप्ता ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के बहादुर सैनिकों को इस तरह की शत्रुता का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से गुजारिश की कि वह पाकिस्तान को उचित जवाब दें। गुप्ता ने कहा कि शहीद नरेंद्र सिंह की विरासत को सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। इसी मकसद से उनके गृह नगर में एक सामुदायिक केंद्र बनाएंगे। इस पर आने वाले करीब 25 लाख रुपये का खर्च वह खुद उठाएंगे। गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी बीते दिनों शहीद के परिजनों से मुलाकात की थी। उन्होंने एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की थी।