ज्यादा कीमत पर शराब बेच रहे छह दुकानों पर जुर्माना
ग्रेटर नोएडा। जिले में छह लाइसेंसधारी शराब की दुकानों पर प्रिंट से अधिक कीमत पर शराब बेचने का मामला सामने आया है। बुधवार को आबकारी विभाग ने ऐसे छह दुकानदारों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। मंगलवार की रात आबकारी विभाग की टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कुल 16 दुकानों की जांच की गई। इनमें से छह दुकान पर प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही थी। इनमें नोएडा के बसई व ममूरा में बीयर की दुकान, सलारपुर में विदेशी शराब की दुकान और ग्रेटर नोएडा में बीटा वन रामपुर में देशी शराब व तुगलपुर में बीयर व विदेशी शराब की दुकान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। ब्यूरो