कोर्ट में पुलिस के प्रवेश पर रोक हटी, काम पर लौटे वकील
गढ़ी चौखंडी चौकी में वकील को थप्पड़ मारने पर हड़ताल पर थे
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। गढ़ी चौखंडी पुलिस चौकी में अधिवक्ता को थप्पड़ मारने के विरोध में वकीलों की हड़ताल खत्म हो गई है। दो बिल्डर और चार पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज होने के बाद बृहस्पतिवार को अधिवक्ता काम पर लौट आए। वहीं, अदालत परिसर में पुलिस के प्रवेश पर लगी रोक भी खत्म कर दी गई। इससे पहले एक पुलिसकर्मी को निलंबित और सात को लाइन हाजिर किया जा चुका है। जनपद दिवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव तोंगड़ ने बताया कि मामले में मंगलवार को एसपी देहात विनीत जायसवाल को तहरीर सौंपकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बिल्डर अमित मोदी मलिक, सुनील गहलौत मलिक, सिपाही वीरेंद्र व तीन अज्ञात पुलिसकर्मियों और दो बिल्डर पर हत्या की कोशिश आदि संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया। वहीं, अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि नामजदों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।