मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे खरीदार
नेफोमा ने सीईओ को सौंपा ज्ञापन, समाधान का मिला आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। नेफोमा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मुलाकात कर खरीदारों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने बताया कि पहले खरीदार कब्जा नहीं मिलने से परेशान थे। वहीं, अब कब्जा मिलने के बाद कुछ खरीदार मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे हैं। सीईओ ने समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया है। नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने बताया मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने पचास हजार फ्लैटों पर कब्जा दिलाने की घोषणा की थी, लेकिन डेढ़ साल बाद एक भी फ्लैट नहीं मिला। लाखों खरीदार आज भी सरकार से उम्मीद बांधे बैठे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने जल्द से जल्द कब्जा दिलाने की मांग की है। साथ ही रजिस्ट्री के समय लगने वाली फीस को माफ करने, गौड़ सिटी गोल चक्कर पर जाम से निजात दिलाने, पॉम ओलंपिया व इको विलेज वन के सामने फुट ओवर ब्रिज बनाने, एक मूर्ति चौराहे के आसपास स्ट्रीट लाइट लगवाने, रेडीकोन, वेदांतम, एक्सोटिका आदि सोसायटी के पास कच्ची सर्विस रोड को पक्का करवाने आदि की मांग की है। इस मौके पर रश्मी पांडे, आसिम खान, मुकेश कुमार, राशिद सिद्दीकी मौजूद रहे।