रूफटॉप सोलर पावर प्लांट की क्षमता 40 हजार किलोवॉट हुई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । बीएसईएस क्षेत्र में अब रूफटॉप सोलर पावर प्लांट की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 40 हजार किलोवॉट हो गई है। घरेलू उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि शैक्षिक व धार्मिक संस्थाओं, रेलवे स्टेशन, मेडिकल कॉलेज, जेल समेत कई स्थानों पर सोलर पावर प्लांट लगाए गए हैं। बिजली कंपनी के पदाधिकारियों के अनुसार मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी, वसंत वैली स्कूल, डीपीएस- ईस्ट ऑफ कैलाश और बाल भारती पब्लिक स्कूल, लोटस टेंपल, श्री ऑरबिंदो आश्रम ने सोलर नेट मीटरिंग के कनेक्शन लिए हैं। सौर ऊर्जा से जगमगाने वाले अन्य प्रमुख संस्थाओं में मंडोली जेल, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, टेरी, दिल्ली जल बोर्ड शामिल हैं। घरेलू उपभोक्ताओं द्वारा 6200 किलोवॉट क्षमता के सोलर पावर प्लांट लगाए गए हैं, जबकि व्यावसायिक उपभोक्ताओं द्वारा 1800 किलोवॉट, शैक्षिक संस्थानों द्वारा 8600 किलोवॉट और औद्योगिक उपभोक्ताओं द्वारा 700 किलोवॉट क्षमता के सोलर प्लांट लगाए हैं।