मिक्सर मशीन में गिरकर मजदूर की मौत
नई दिल्ली। मुंडका में रविवार शाम रोड़ी और सीमेंट की मिक्सर मशीन में गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने मिक्सर प्लांट मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्लांट के मालिक पवन गुप्ता और मनोज गुप्ता हैं। मृतक के दोस्त ने आरोप लगाया कि पुलिस ने 25 हजार रुपये लेकर मृतक के परिवार वालों पर मालिक से समझौता करने का दबाव बनाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस अधिकारी इससे इनकार कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मृतक की शिनाख्त भिखारी महतो (35) के रूप में हुई है। मूलरूप से दरभंगा, बिहार निवासी भिखारी अकेला हरनंदी धर्मकांटा में रहता था और मिक्सर प्लांट में 12 साल से काम कर रहा था। परिवार में पिता, भाई, पत्नी और चार बच्चे हैं, जो गांव में रहते हैं। ब्यूरो