डीपीएस दुष्कर्म मामला, प्रबंधन की गिरफ्तारी के लिए डीएम से मिले
ग्रेटर नोएडा। डीपीएस में बच्ची से दुष्कर्म मामले में शिक्षा का अधिकार आंदोलन समिति और अभिभावकों ने मंगलवार को जिलाधिकारी, एसएसपी, एसपी ग्रामीण से मिलकर प्रधानाचार्य और प्रबंधन की गिरफ्तारी की मांग की। अभिभावकों ने एडीएम की जांच रिपोर्ट को आधार बताते हुए आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने कई मानकों में लापरवाही बरती। अभिभावकों ने जिलाधिकारी बीएन सिंह से मिलकर मामले में कार्रवाई कराने की बात कही। इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि मामले को पुलिस के पास भेजा गया है। इसके बाद समिति और अभिभावक एसएसपी अजयपाल शर्मा और एसपी ग्रामीण विनीत जायसवाल से मिले। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मामला लीगल सेल (एसपीओ) को भेजा गया है। यहां से कानूनी पक्ष देखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ, समिति के पदाधिकारी एके सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है। यदि स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई नहीं की गई तो शनिवार को मार्च निकालकर विरोध जताया जाएगा।