हरियाली तीज की चारों ओर धूम
महिलाओं ने एक-दूसरे का झूला झूलाया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में सोमवार को चारों ओर हरियाली तीज की धूम रही। अनेक जगहों पर महिलाओं ने एकत्रित होकर तीज उत्सव मनाया। उन्होंने एक-दूसरे का झूला झूलाया और ढोल की थाप पर नृत्य किया। बाजारों में पहुंचकर उन्होंने हाथों पर मेहंदी लगवाई और चूड़ियां खरीदी। कुछ महिलाओं ने कपड़ों की भी खरीदारी की। बदरी भगत झंडेवाला देवी मंदिर, श्रीराम हनुमान वाटिका मंदिर, कालकाजी मंदिर, छतरपुर मंदिर, जगतपुर स्थित राधाकृष्ण मंदिर समेत अनेक मंदिरों में हरियाली तीज पर्व बड़ी धूमधाम के साथ मनाया। मंदिरों में राधा-कृष्ण की मूर्ति को झूला झूलाया गया। इस दौरान उनको झूला झूलाने में श्रद्धालुओं ने काफी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं महिलाओं के लिए झूले झूलने व मेहंदी लगाने की व्यवस्था की गई। भंडारे के माध्यम से प्रसाद वितरित किया गया। भगवान कृष्ण भक्ति के भजनों का गायन हुआ। प्राचीन ऐतिहासिक झंडेवाला देवी मंदिर में हरियाली तीज के अवसर पर मंदिर प्रांगण में महिलाओं के लिए झूले लगाइए गए और मंदिर की ओर से नि:शुल्क मेहंदी लगाने की व्यवस्था की गई। मंदिर प्रांगण में भजन कीर्तन का आयोजन किया गया और भंडारे के माध्यम से प्रसाद वितरित किया।