दिल्ली को बंदर व कुत्तों के आंतक से बचाने के लिए बनाई कमेटी
-कमेटी की सिफारिशों के आधार पर सरकार उठाएगी कदम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी को बंदरों और कुत्तों के आतंक से बचाने के लिए दिल्ली विधानसभा ने एक पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इसकी सिफारिशों के आधार पर दिल्ली सरकार उपयुक्त कदम उठाएगी। शुक्रवार को विधायक अलका लांबा के तरफ से पेश एक संकल्प पर चर्चा के दौरान सदन ने इसका फैसला लिया। इसके साथ ही दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित करने का एलान विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने किया। विधायक सोमनाथ भारती के अध्यक्ष में गठित कमेटी में विधायक अलका लांबा, ओम प्रकाश शर्मा, सौरभ भारद्वाज व राजेश ऋषि को शामिल किया गया है। यह कमेटी कुत्तों व बंदरों के आतंक को रोकने व उनके स्टरलाइजेशन के बारे में अपनी रिपोर्ट सदन में पेश करेगी। इससे पहले प्रस्ताव पेश करते हुए अलका लांबा ने दिल्ली में इनसे होने वाली समस्याओं को बताया, जबकि चर्चा में शामिल हुए विधायक राजेश ऋषि ने कहा कि यह दिल्ली की बड़ी समस्या है। हालांकि, उन्होंने इससे निपटने का तरीका बताते हुए कहा कि लंदन में कोई बिस्किट बनाया गया है, जिसे खाने से कुत्ते व बंदर अपने आप स्टरलाइज हो जाते हैं। उन्होंने दिल्ली में भी इसका प्रयोग करने का सुझाव दिया। इसका जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री मंत्री सतेंद्र जैन ने बताया कि उन्हें अभी इस तरह के किसी बिस्किट की जानकारी नहीं है। फिर भी, वह पता करने की कोशिश करेंगे।