व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल टैक्स कमिश्नर से मिला
नई दिल्ली। व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली के टैक्स कमिश्नर पी. राजेश्वर प्रसाद से मिले। मुलाकात के दौरान व्यापारियों ने एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें अपील की गई है कि दिल्ली से दिल्ली के बीच होने वाले व्यापार से ई-वे बिल को समाप्त किया जाए। मुलाकात का नेतृत्व कर रहे चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के बृजेश गोयल ने बताया कि मुलाकात सकारात्मक रही। कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि वो इस मांग को दिल्ली सरकार के पास भेजेंगे। प्रतिनिधिमंडल में शामिल चांदनी चौक के कपड़ा व्यापारी सुरेश बिंदल ने कहा कि देश के आधा दर्जन राज्यों, जिसमें गोवा, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ व हिमाचल प्रदेश शामिल है यहां कपड़े को ई वे बिल से मुक्त किया गया है। दिल्ली में एक लाख रुपये से ज्यादा के माल पर ई वे बिल भरना पड़ता है। इससे काफी परेशानी होती है। ब्यूरो