दीक्षांत समारोह का बहिष्कार करेगा जेएनयूएसयू
नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) ने 8 अगस्त को होने जा रहे दीक्षांत समारोह के बहिष्कार का आह्वान किया है। दरअसल, पहले दीक्षांत समारोह के 46 साल बाद जेएनयू पीएचडी छात्रों को डिग्री देने के लिए अपना दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित करने जा रहा है। जेएनयूएसयू की ओर से एक बयान जारी कर कहा गया है कि कुलपति और उनके राजनीतिक आकाओं ने शोध, विषयों में सीट कटौती, आरक्षण हटाने की कवायद, फीस में बढ़ोतरी जैसी छात्र विरोधी और सामाजिक न्याय विरोधी नीतियों तथा जुर्माना, सजा लगाकर छात्रों को किसी न किसी तरह से निशाना बनाया है। छात्र संघ ने कुलपति पर आरोप लगाते हुए कहा कि जेएनयू जिस वजह से पहचाना जाता है उसे खत्म करने की कोशिश की जा रही है। छात्र संघ ने दीक्षांत समारोह को डिग्री वितरण के नाम पर केवल तस्वीरें खिंचवाने का कार्यक्रम बताया। बयान में कुुलपति को मिस्टर वीसी संबोधित करते हुए कहा गया कि छात्रों ने अपने प्रयासों और शिक्षकों की प्रतिबद्धता के चलते ही डिग्री प्राप्त की है। इस डिग्री के लिए जेएनयू की लोकतांत्रिक संस्कृति के एहसानमंद हैं। संस्थान को बर्बाद करने वाले को हमारी डिग्री वितरित करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। ब्यूरो