एसओएल में दाखिला प्रक्रिया इस हफ्ते हो सकती है शुरू
-सभी स्नातक कोर्सेज में दाखिला ऑनलाइन ही लिया जाएगा
-प्रशासन की वेबसाइट पर लगातार संपर्क बनाए रखने की सलाह
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में दाखिले के इच्छुक छात्रों का इंतजार इस सप्ताह खत्म हो सकता है। दरअसल एसओएल प्रशासन ने साफ किया है कि प्रवेश प्रक्रिया अगस्त 2018 के प्रथम सप्ताह में प्रारंभ होगी। एक से दो दिन में यूजीसी के साथ प्रशासन की बैठक होनी है। इस बैठक में दाखिला प्रक्रिया शुरू होने को हरी झंडी मिल सकती है। एसओएल प्रशासन की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीए, बीकॉम, बीए ऑनर्स अंग्रेजी, बीए ऑनर्स राजनीतिशास्त्र, बीकॉम ऑनर्स में प्रवेश अगस्त के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ होगा। प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि इसके लिए वह एसओएल की वेबसाइट पर लगातार संपर्क बनाए रखें। यह भी साफ कर दिया गया है कि इन सभी पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष में ऑनलाइन ही प्रवेश लिया जा सकेगा। इसके साथ ही प्रशासन ने सलाह दी है कि वह एसओएल की वेबसाइट पर उपलब्ध प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित मार्गदर्शक वीडियो ध्यान से देखें। इससे उन्हें दाखिला लेने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। उल्लेखनीय है कि अब तक एसओएल की प्रवेश प्रक्रिया जून से शुरू होती आई है, लेकिन इस बार अब तक दाखिला प्रक्रिया शुरू नहीं होने से छात्र काफी असमंजस में हैं। जिन्हें डीयू के रेगुलर कॉलेजों में दाखिला नहीं मिलता है वह दाखिले के लिए एसओएल का रुख करते हैं। एसओएल में दाखिले के बावजूद डिग्री डीयू की ही मिलती है।