बीई कोर्स पार्ट टाइम के छात्रों ने किया प्रदर्शन
- प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन पर पार्ट टाइम कोर्स की बात छिपाने का लगाया आरोप, विवि ने आरोपों को झुठलाया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में बीई प्रोग्राम को लेकर छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। छात्रों का आरोप है कि जामिया ने दाखिला आवेदन पत्र में यह जानकारी नहीं लिखी थी कि बीई कोर्स पार्ट टाइम है। वहीं, विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इवनिंग प्रोग्राम के तहत 25 साल से बीई पार्ट टाइम का कोर्स चल रहा है, ऐसे में छात्रों के साथ धोखा कैसे हुआ? जामिया कैंपस में मंगलवार को बीई प्रोग्राम के छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ विरोध मोर्चा शुरू किया है। सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने दाखिले से लेकर फीस में भी उन्हें पार्ट टाइम कोर्स की जानकारी नहीं दी थी। यदि जानकारी होती तो वे दाखिला नहीं लेते। प्रदर्शनकारियों ने अधूरी जानकारी देकर छात्रों को दाखिले में गुमराह करने का आरोप लगाया है। उधर, कुलपति प्रो. तलत अहमद ने प्रदर्शनकारियों के आरोपों को नकारते हुए कहा कि पच्चीस साल से बीई पार्ट टाइम कोर्स का कोर्स चल रहा है। इवनिंग कोर्स नौकरीपेशा के लिए होते हैं, जब कोर्स पहले से पार्ट टाइम है तो इसमें विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कौन सी जानकारी छिपाई।