युवा वैज्ञानिकों की हाथों में यमुना की सफाई की कमान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिनों-दिन प्रदूषित हो रही यमुना के संरक्षण और अस्तित्व को बचाने के लिए पिछले पांच वर्षों से जुटे एम्स के ऑर्थोपैडिक विभाग के युवा वैज्ञानिक विवेक दीक्षित की अगुवाई में शनिवार को स्वच्छ यमुना अभियान चलाया गया। तराई वेलफेयर एसोसिएशन के तहत युवा वैज्ञानिकों, डॉक्टरों और अन्य समाजसेवियों ने मिलकर हाथों से यमुना किनारे जमे कचरे को उठाया। इस दौरान युवा वैज्ञानिकों ने लोगों से अपील की कि वह यमुना में गंदगी न डालें और अपनी इस धरोहर को जीवंत बनाए रखने में सहयोग करें। युवा वैज्ञानिक विवेक दीक्षित ने बताया कि यह अभियान पिछले पांच वर्षों से छठ घाठ आईटीओ ब्रिज पर प्रत्येक शनिवार को दोपहर दो बजे अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यमुना में फैली गंदगी को कम किया जा सके। ऐसा करने से यमुना में पलने वाले जलीय जीवों के जीवन को भी बचाने में मदद मिलेगी।