यूएस राजदूत से मिले मुख्यमंत्री केजरीवाल
- प्रदूषण समेत दूसरे क्षेत्रों में साथ काम करने की संभावना पर हुई चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अमेरिका के वाशिंगटन विश्वविद्यालय की मदद से दिल्ली सरकार राजधानी की आबोहवा साफ करेगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को इस बारे में यूएस के राजदूत केनेथ आई. जस्टर से मुलाकात की। इस दौरान प्रदूषण समेत दूसरे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली के प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के लिए वाशिंगटन विश्वविद्यालय के साथ हुए समझौते की जानकारी दी। विश्वविद्यालय इसके तहत दिल्ली सरकार को प्रदूषण स्तर का रियल टाइम डाटा शेयर करेगा। इस आंकड़े से सरकार प्रदूषण के मूल स्रोत का पता कर उसके आधार पर योजनाएं बना सकेगी। इससे दिल्ली की आबोहवा साफ करने में मदद मिलेगी। अरविंद केजरीवाल ने इस मौके पर दूसरे क्षेत्रों में भी साथ काम करने की इच्छा जताई। तकनीकी प्रयोगों के सहयोग की भी बात मुख्यमंत्री ने यूएस उच्चायुक्त के सामने रखी। इस पर उच्चायुक्त ने भविष्य में संपर्क में रहकर इस दिशा में काम करने की सहमति दी है।