पूर्व मंत्री ने शिक्षा पर दिया जोर
पुन्हाना। मेवात इलाका शिक्षा के क्षेत्र में देश में सबसे पिछड़ा है। इसका खुलासा सच्चर आयोग ने अपनी रिपोर्ट में भी किया था। अगर मेवात और देश के मुसलमानों को तरक्की करनी है तो शिक्षा को एक हथियार के रूप में इस्तेमाल करना होगा। आज प्रतिस्पर्धा का दौर है ऐसे में कामयाबी हासिल करनी है तो उच्च शिक्षा हासिल करना जरूरी है। ये बातें गुजरात से राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अहमद पटेल ने कहीं। वे सोमवार को यहां मेवात के गांव गोकलपुर में एक निजी स्कूल का शिलान्यास करने आए थे। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर मेवात की हर समस्या का समाधान कराया जाएगा। पूर्व मंत्री आफताब अहमद ने समारोह की अध्यक्षता की जबकि समाजसेवी एवं शिक्षाविद् इसहाक शेख, कांग्रेस पूर्व प्रदेश सचिव मामन खां , प्रदेश सचिव सहाब खां और एजाज खां, स्कूल के संस्थापक असद खान फलाही, सना प्रधान साकरस, हनीफ सरंपच, उम्मर नोटकी, मुबारिक उलेटा, मजीद बलई, मास्टर वहाब, आस मोहम्मद अटेरना, यूनुस बूबलहेडी मौजूद रहे।