आयुष्मान भारत के लिए 3 अस्पताल पैनल में हुए शामिल
नोएडा। आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक केवल 3 अस्पताल ही पैनल में शामिल हो पाए हैं। इनमें से 2 अस्पताल सरकारी हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि 28 अस्पताल रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। जल्द ही ये अस्पताल भी पैनल में शामिल हो जाएंगे। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर इलाज देने के लिए भारत सरकार की ओर से आयुष्मान भारत योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का इलाज निजी अस्पताल में करा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लाभार्थी को एक आईडी नंबर दिया जाएगा। इस आईडी नंबर को पैनल वाले निजी अस्पताल में दिखाना होगा। उसके बाद इलाज शुरू हो जाएगा। पैनल में अभी केवल जिला अस्पताल, भंगेल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और दादरी का एक निजी अस्पताल ही शामिल हुआ है। सीएमओ डॉक्टर अनुराग भार्गव ने बताया कि अस्पतालों ने पैनल में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराना शुरू कर दिया है। ब्यूरो