ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट और ग्रेनो ईस्ट में पानी की आपूर्ति के लिए ग्रेनो प्राधिकरण 15 नए टैंकर खरीदेगा। अभी प्राधिकरण के पास केवल छह टैंकर ही हैं। ऐसे में पानी का संकट होने पर आपूर्ति करना मुश्किल हो जाता है। सामान्य क्षमता के 45 से 50 हजार लीटर के भूमिगत टैंक को भी इनसे भरना मुश्किल हो जाता है।एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि एक साथ दो या अधिक सोसाइटी या सेक्टर में लाइन में दिक्कत आने पर आपूर्ति नहीं हो पाने की स्थिति में खराब हालात का सामना करना पड़ जाता है। ऐसे में टैंकर का ही एकमात्र सहारा जलापूर्ति के लिए होता है। ऐसे में नए टैंकरों की खरीद के लिए अनुमति सीईओ रवि कुमार एनजी ने दी है। ब्यूरो