किसानों को मिले एसएमएस पर खाते में नहीं पहुंचा पैसा
कृषि उप निदेशक से शिकायत, सम्मान निधि योजना के तहत मिलनी थी पहली किस्त
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 8,836 किसानों को लाभ मिल चुका है। किसानों को दो-दो हजार रुपये की पहली किस्त जारी की जा चुकी है। लेकिन कई किसान ऐसे है, जिनके बैंक खाता में धनराशि नहीं पहुंची है। जबकि उनके मोबाइल पर पैसे आने का संदेश आया है। किसानों ने कृषि उप निदेशक से शिकायत की है। कृषि विभाग जांच कर रहा है। योजना के तहत दो हेक्टेयर या उससे कम भूमि वाले किसान को छह हजार रुपये दिए जाने है। यह धनराशि दो-दो हजार रुपये की चार किस्त में दी जाएगी। पिछले माह एक कार्यक्रम में प्रशासन ने पहली किस्त जारी की थी। इससे पहले आवेदनों का सत्यापन किया गया था। बुधवार को प्रशासन ने भी लाभ लेने वाले किसानों की सूची जारी की थी। वहीं, बृहस्पतिवार को कुछ किसान विकास भवन स्थित कृषि विभाग के कार्यालय में पहुंचे। उनका कहना है कि उनके मोबाइल फोन पर पहली किस्त भेजने का संदेश आया। जब बैंक में पता किया तो वहां खाता में धनराशि नहीं मिली। और योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।