11वीं की छात्रा ने 20वीं मंजिल से कूदकर दी जान
नोएडा। सेक्टर-39 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-45 स्थित आम्रपाली सफायर सोसाइटी की 20वीं मंजिल से कूदकर 11वीं की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-39 कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आजाद सिंह तोमर ने बताया कि सोसाइटी के ग्राउंड फ्लोर पर डॉ. एमके राय परिवार के साथ रहते हैं। उनका सेक्टर-11 में क्लीनिक है। उनकी बेटी वैष्णवी उर्फ वसु शहर के एक स्कूल में 11वीं में पढ़ती थी। शनिवार दोपहर बाद छात्रा सोसाइटी की 20वीं मंजिल पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी। परिजन गंभीर हालत में छात्रा को अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल की। घटना के बाबत पुलिस ने परिजनों से बातचीत की, लेकिन कोई खास जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस को घर से सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। इसके बाद पुलिस ने सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।