पता पूछने के बहाने लूटी सोने की चेन
पलवल। कैंप थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाइक सवार दो अज्ञात लुटेरों ने पता पूछने के बहाने एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन को लूट लिया और फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी प्रीतम के अनुसार पलवल की न्यू कालोनी निवासी सुभाष चंद ने शिकायत दर्ज कराई है कि गत 10 सितंबर की शाम को वह कॉलोनी में घर के बाहर गली में घूम रहे थे। उसी दौरान एक बाइक पर दो अज्ञात युवक आए और सुभाष के पास बाइक को रोककर पता पूछने लगे। जब सुभाष उक्त लोगों को पता बता रहा था तो उसी दौरान बाइक सवार दोनों युवक उनके गले से सोने की चेन को लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने शोर मचाया जब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित कि शिकायत के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
------------