कुश्ती का स्वर्ण पदक विजेता निकला बाइक चोर
दादरी। दादरी कोतवाली पुलिस ने सोमवार रात आमका रोड पर जांच के दौरान बाइक चुराने के आरोप में 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दौलतराम कॉलोनी निवासी हिमांशु उर्फ प्रिंस, सूरजपुर निवासी अंकुर, राहुल और लोकेश के रूप में हुई है। इनसे पूछताछ के बाद 7 नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। इनमें से एक नाबालिग नेपाल में स्कूल की तरफ से कुश्ती में स्वर्ण पदक जीत चुका है। आरोपियों के पास से 11 बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान दादरी की तरफ से आ रहे दो बाइक पर सवार चारों को गिरफ्तार किया गया। दोनों बाइक चोरी की थी। इनसे पूछताछ के बाद 7 नाबालिगों को भी पकड़ लिया गया है। सभी नाबालिग 8 से 11वीं में पढ़ते हैं और मौज-मस्ती के लिए बाइक चुराते थे। ब्यूरो