माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। बदलते मौसम के बीच जिले में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को जिले में स्वाइन फ्लू के 11 नए मरीज मिले हैं। ऐसे में अबतक कुल मरीजों की संख्या 220 हो गई है। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी सीएचसी और जिला अस्पताल में रैपिड एंटीजन जांच शुरू कर दी गई है। ऐसे में अस्पताल में आ रहे संदिग्ध मरीजों की जांच की जा रही है। इसके अलावा यदि आरटीपीसीआर जांच की जरूरत होती है तब मरीज को चाइल्ड पीजीआई की लैब में भेजा जाता है। सीएमओ डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि जिले में स्वाइन फ्लू के मरीज रोजाना मिल रहे हैं, लेकिन मरीजों की हालत गंभीर नहीं है। इसके अलावा मरीजों को भर्ती करने की जरूरत भी बहुत कम पड़ रही है। ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है, सिर्फ सतर्कता बरतने की जरूरत है। मौसम के साथ स्वाइन फ्लू का प्रकोप भी कम हो जाएगा।