डीजीपी क्राइम करेगी साहिब हत्याकांड मामले की जांच
पुन्हाना। गत सात अगस्त को पुन्हाना खंड के गांव पटाकपुर में कथिततौर साहिब हत्याकांड मामले में सोमवार को विधानसभा में उठाए गए प्रशन पर मंगलवार को मुख्यमंत्री ने कहा साहिब हत्या कांड की जांच डीजीपी क्राइम से कराई जाएगी, लेकिन मेवात से इनेलो विधायक ज़ाकिर हुसैन व नसीम अहमद सीएम के जवाब से संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार इस मामले पर लीपापोती कर रही है और आरोपी पुलिस कर्मियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा हम चुप बैठने वाले नहीं हैं अगर हरियाणा सरकार हमें इंसाफ नहीं देगी तो वे अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। विधायक ज़ाकिर हुसैन व विधायक नसीम अहमद ने मुख्यमंत्री से कहा कि एक निर्दोष व्यक्ति की पुलिस द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी जाती है। उसके शव को 15 दिन तक दफनाया नहीं जाता है। जनता इंसाफ के लिए धरने, गिरफ्तारियां आदि देकर न्याय की गुहार लगाती है, लेकिन सरकार की तरफ से न्याय व आर्थिक मदद का कोई आश्वासन नहीं मिलता। न तो किसी हत्यारे की आज तक गिरफ्तारी हुई है और न ही गांववासियों के खिलाफ पुलिस ने जो मुकदमा दर्ज किया है वो निरस्त होता है। सरकार का ये कैसा न्याय है।