ट्रायल के बहाने हथियार के बल पर लूटी कार
गुरुग्राम। गाड़ी खरीदने के लिए ट्रायल करने के बहाने दो युवकों ने एक चालक को बंधक बनाकर उसे लूट लिया। आरोपियों ने चालक को दिल्ली क्षेत्र में फेंक दिया और गाड़ी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पुरानी दिल्ली रोड पर मोहन नाम के व्यक्ति की मोहन मोटर्स के नाम पर दुकान है। यहां पुरानी गाड़ियों को खरीदा व बेचा जाता है। रविवार शाम को यहां दो युवक आए जिन्होंने स्विफ्ट गाड़ी खरीदने की इच्छा जताई। गाड़ी पसंद करने के बाद दोनों युवकों ने गाड़ी चलाकर देखने की बात कही। इस पर मोहन ने अपने ड्राइवर नीरज यादव को उनके साथ भेज दिया। आरोप है कि गाड़ी को कुछ दूर ले जाने के बाद आरोपियों ने चालक को बंदूक की नोक पर ले लिया और गाड़ी को दिल्ली की तरफ मोड़ लिया। उन्होंने चालक को नजफगढ़ क्षेत्र में गाड़ी से उतार दिया और गाड़ी लेकर फरार हो गए। इसकी जानकारी नीरज ने मोहन को दी। मोहन ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर भारतेंद्र का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। एक युवक पर शक जताया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-----