सोसाइटी की लिफ्ट में दस मिनट तक फंसा रहा बच्चा
ग्रेनो वेस्ट की गैलेक्सी रॉयल के टावर बी की घटना, रखरखाव नहीं करने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की गैलेक्सी रॉयल सोसाइटी के टावर बी की लिफ्ट में दस वर्षीय बच्चा करीब दस मिनट तक फंसा रहा। बच्चा फ्लैट से नीचे आ रहा था। पांचवें फ्लोर से लिफ्ट झटके के साथ गिरी और फर्स्ट फ्लोर पर आकर रूकी। घटना से सोसाइटी के निवासियों में रोष है। उनका आरोप है कि लिफ्ट का समय से रखरखाव नहीं किया जाता है।
निवासियों ने बताया कि रविवार रात श्रद्धा जैन का बेटा किसी काम से नीचे जा रहा था। इस दौरान लिफ्ट पांचवें से सीधे फर्स्ट फ्लोर पर रूकी। लिफ्ट नहीं खुलने पर मेंटेनेंस टीम को सूचना दी गई। करीब 10 मिनट बाद बच्चे को निकाला गया है। लोगों का आरोप है कि सोसाइटी में आए दिन लिफ्ट में फंसने की घटनाएं हो रही है। बार-बार इसकी शिकायत मेंटेनेंस टीम से की जा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
-
लिफ्ट में फंसने की घटनाएं
- 11 जून, 2023 : ग्रेनो वेस्ट की महागुन मंत्रा-दो सोसाइटी के गंगा टावर की लिफ्ट में चार महिला और दो बच्चे करीब 15 मिनट तक फंसे रहे।
- 12 अप्रैल, 2023 : ग्रेनो वेस्ट की श्री राधा स्काई गार्डन सोसाइटी के टावर डी-पांच की लिफ्ट में एक महिला अपने बच्चे के साथ 15 मिनट तक फंसी रही।
- दो दिसंबर, 2022 : ग्रेनो वेस्ट की निराला एस्पायर सोसाइटी में आठ साल का बच्चा 10 मिनट तक लिफ्ट में फंसा रहा था।
- पांच नवंबर, 2022 : ग्रेनो वेस्ट की गुलशन बेलिना सोसाइटी के टावर ई की लिफ्ट में पांच बच्चे करीब 35 मिनट तक फंसे रहे।
- पांच अक्तूबर, 2022 : ग्रेनो वेस्ट की पैरामाउंट इमोशंस सोसाइटी में 15वीं और 16वीं मंजिल के बीच 50 मिनट तक फंसा रहा 11 साल का बच्चा।
- तीन अक्तूबर, 2022 : ग्रेनो वेस्ट की फ्यूजन होम्स सोसाइटी में एक बच्ची 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही।