नगीना। नगीना थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी को नगीना पुलिस ने धर दबोचा है। रविवार को फिरोजपुर झिरका की अदालत में आरोपी को पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपी आलम को पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है ताकि बाकि आरोपियों के साथ-साथ घटना की हकीकत का पता लगाया जा सके। 24 अक्तूबर की रात नूंह जिले में पति-पत्नी को बेहोश कर पत्नी के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था। आरोपियों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम देने के बाद महिला के जेवरात भी लूट लिए थे। इस मामले में पीड़ित परिवार ने नगीना थाना पुलिस को शिकायत की थी। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी आलम, जकरू व तीन अन्य आरोपी के खिलाफ 25 अक्तूबर को गैंगरेप सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। नगीना थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के मुताबिक मुख्य आरोपी आलम को मुखबिर की सूचना के आधार पर पकड़ा है।