अमानतुल्लाह खान के घर के बाहर नोएडा पुलिस
- फोटो : ANI
नोएडा के सेक्टर-95 स्थित पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों से मारपीट करने के मामले में नोएडा पुलिस शनिवार को आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान के घर पर पहुंची है। जहां नोएडा पुलिस ने घर के बाहर दरवाजा खटखटाया। लेकिन कोई बाहर नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने घर के बाहर ही नोटिस चस्पा दिया।
नोएडा पुलिस दिल्ली के आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान और उनके बेटे अनस की तलाश कर रही है। बुधवार को नोएडा पुलिस की टीम विधायक व उनके बेटे की तलाश में दिल्ली के बाटला हाउस स्थित घर पर पहुंची थी। जहां दोनों नहीं मिले थे। जिसके बाद पुलिस विधायक के घर पर नोटिस भेजने की तैयारी में जुट गई। मामले की जांच के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।
सेक्टर-95 स्थित शहीद रामेंद्र प्रताप सिंह फिलिंग स्टेशन पर आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान के बेटे अनस ने मंगलवार सुबह पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के साथ मारपीट की थी। इसके बाद विधायक अमानतुल्ला खान भी मौके पर पहुंच गए थे। दोनों ने मिलकर पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को धमकी दी थी। मारपीट का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो गया था। कोतवाली फेज-1 पुलिस ने इस मामले में विधायक और उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
इधर नोएडा पुलिस की टीम ने पीड़ित और मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। इस मामले में दर्ज एफआईआर में कुछ अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती है। बताया जाता है कि लोकसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में विधायक अमानतुल्ला खान की दो जनसभाएं बुधवार को थी। लेकिन वहां भी नहीं पहुंचे। नोएडा जोन के एडीसीपी मनीष मिश्र का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
अमानतुल्लाह की तरह बेटे ने दिखाई दबंगई: भाजपा
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने मंगलवार को कहा था कि आप विधायक अमानतुल्लाह खान के बेटे का पेट्रोल पंप पर मारपीट वाला वीडियो देखकर एनसीआर के नागरिक स्तब्ध हैं। अमानतुल्लाह भी इसी तरह की दबंगई के लिए जाने जाते हैं। बेटे ने बिल्कुल उनके व्यवहार का अनुसरण किया है। किसी भी शहर की कानून व्यवस्था को ऐसे दबंग ही बिगाड़ते हैं और आज की घटना के बाद कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले आप नेताओं को जवाब देना चाहिए।