नई दिल्ली। संत निरंकारी मिशन का 78वां वार्षिक निरंकारी संत समागम इस वर्ष 31 अक्तूबर से तीन नवंबर तक समालखा (हरियाणा) में आयोजित होगा। आत्ममंथन से आत्मोन्नति की ओर थीम पर आधारित यह समागम आत्मचिंतन, सेवा और मानवता के संदेश को समर्पित रहेगा। लगभग 650 एकड़ क्षेत्र में फैलाए गए इस आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु भाग लेंगे। भोजन, चिकित्सा, यातायात, सुरक्षा और स्वच्छता जैसी व्यवस्थाओं को इस दौरान निरंकारी मिशन के सेवादल के करीब 1 लाख स्वयंसेवक संभालेंगे। समागम स्थल पर 8 एलोपैथिक, 6 होम्योपैथिक डिस्पेंसरियां, 15 प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और 120-बेड का अस्थायी अस्पताल बनाया गया है। साथ ही, 42 एम्बुलेंस चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगी। सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज के सान्निध्य में होने वाले इस समागम का प्रमुख आकर्षण आत्ममंथन प्रदर्शनी होगी, जो मिशन के इतिहास, सेवाकार्यों और बाल संतों की प्रेरक प्रस्तुतियों को दर्शाएगी। ब्यूरो